उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

महाशिवरात्रि पर उमड़ा शिवभक्ति का महासागर, हर-हर महादेव से गूंजा हरिहरनाथ धाम

भदोही (संजय सिंह). महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर ज्ञानपुर नगर और आसपास के अंचलों में शिवभक्ति का अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिला। भक्ति, श्रद्धा और आस्था के संगम से समूचा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

ज्ञानपुर नगर स्थित बाबा हरिहर नाथ मंदिर और सुंदरवन क्षेत्र में निर्माणाधीन सबसे ऊंचे भोलेनाथ मंदिर स्थल पर राज लक्ष्मी मंदा द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर भगवान शिव से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।

महाशिवरात्रि पर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर भगवान शिव की आराधना कर सकें।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरिहरनाथ धाम के साथ-साथ सेमराध नाथ धाम, बड़े शिव मंदिर सहित जनपद के सभी प्रमुख और छोटे-बड़े शिवालयों में तड़के भोर से लेकर दोपहर तक महादेव की आराधना का क्रम निरंतर चलता रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कई स्थानों पर रुद्राभिषेक और विशेष अनुष्ठान भी संपन्न हुए।

मंदिर परिसरों में घंटा-घड़ियाल की ध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। शिवरात्रि के अवसर पर कई स्थानों पर पारंपरिक मेले भी लगे, जहां बच्चों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की और पर्व का आनंद लिया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित पूरा पुलिस महकमा दिनभर भ्रमणशील रहा। महाशिवरात्रि के मद्देनजर सभी शिवालयों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।

आस्था, भक्ति और प्रशासनिक सजगता के समन्वय से महाशिवरात्रि का पर्व पूरे जनपद में श्रद्धा, शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ, और हर ओर शिवभक्ति की अमिट छाप छोड़ गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button