नकली सोने का बिस्किट देकर असली सोने की बाली उड़ाई

महाशिवरात्रि के पर्व पर हरिहरनाथ धाम जलाभिषेक करने गई वृद्धा को ठगा
भदोही (संजय सिंह). ज्ञानपुर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व के दौरान ठगों ने आस्था का फायदा उठाते हुए एक बुजुर्ग महिला को ठगी का शिकार बना लिया। यह घटना ज्ञानपुर थाना क्षेत्र की है, जहां दो शातिर ठगों ने चालाकी से महिला को बहकाकर उसकी कान की बालियां हड़प लीं और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर नगर निवासी बुजुर्ग महिला महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह करीब आठ बजे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए घर से निकली थीं। वह दर्शन के लिए हरिहरनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां पर्व के कारण भारी भीड़ लगी हुई थी। दर्शन करने के लिए उन्हें लंबी कतार में खड़ा होना पड़ा।
भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए दो ठगबाज महिला के पास पहुंचे और उससे बातचीत शुरू की। ठगों ने अपनी मीठी और भरोसा दिलाने वाली बातों से महिला को भ्रमित किया और नकली सोने का बिस्किट दिखाकर उसे असली बताने लगे। ठगों की चाल में फंसकर बुजुर्ग महिला ने अपनी कान की बालियां उन्हें दे दीं। बालियां हाथ लगते ही दोनों ठग वहां से तेजी से निकल गए।
दर्शन के बाद महिला जब घर लौटी और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। ठगी की इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को और मजबूत किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
फिलहाल पीड़िता द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने की बात सामने आ रही है, और मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
