साइबर अपराध में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो पुलिसकर्मी सम्मानित

44.08% धनराशि रिकवर, जोन स्तर पर भदोही को मिला प्रथम स्थान
भदोही (संजय सिंह). पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने साइबर अपराध की जांच और धनराशि रिकवरी में उत्कृष्ट कार्य करने पर दो पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक विजय प्रताप सिंह और मुख्य आरक्षी देवानंद सिंह शामिल हैं।
साइबर सेल की टीम ने अप्रैल 2026 के दौरान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी से संबंधित मामलों में प्रभावी हस्तक्षेप किया। कार्रवाई के परिणामस्वरूप लगभग 44.08 प्रतिशत धनराशि को होल्ड/लियन कराकर पीड़ितों के हितों की रक्षा की गई।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के आधार पर जनपद भदोही ने जोन स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए इसी तरह की सक्रियता और दक्षता बनाए रखना आवश्यक है।
