तालाब में मिला रानीगंज चुंदवा के शिवकुमार विश्वकर्मा का शव

पोस्टमार्टम से खुलेगा राज, शाम चार बजे घर से निकला था शिवकुमार
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ थाना (यमुनानगर) क्षेत्र के पगुवार (रानीगंज) में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक सोमवार 4 मई की शाम घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। अगले दिन दोपहर बाद उसका शव तालाब में उतराता मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रानीगंज चुंदवा निवासी अजय विश्वकर्मा ने बताया कि उनका भाई शिवकुमार विश्वकर्मा (20), पुत्र भोलानाथ विश्वकर्मा, शाम करीब 4 बजे घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार दोपहर बाद स्थानीय लोगों ने पास के तालाब में एक युवक का शव उतराता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शिवकुमार विश्वकर्मा के रूप में की।
सूचना पर पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैर फिसलने से तालाब में गिरने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके लिए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

