रिश्तों का खूनी विवाद: ममेरे भाई ने की टिंकू की हत्या, हत्यारा गिरफ्तार

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). थाना महेशगंज क्षेत्र में ससुराल आए युवक टिंकू शुक्ला उर्फ विजय की चाकू से हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना दो मई, शनिवार की है।
जानकारी के मुताबिक टिंकू शुक्ला उर्फ विजय पुत्र कृपाशंकर शुक्ला ( निवासी ग्राम हरिहरपुर, थाना बाघराय) अपनी ससुराल ग्राम जियावन का पुरवा, राजापुर (थाना महेशगंज) आया हुआ था। इसी दौरान उसके ममेरे भाई दीपक पांडेय उर्फ बब्लू (पुत्र लक्ष्मीनारायण पांडेय (निवासी गोरखापुर, नरियावां, थाना महेशगंज) ने आपसी विवाद में टिंकू पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल टिंकू को सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई: 24 घंटे में गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती करिश्मा गुप्ता के नेतृत्व में थाना महेशगंज पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी दीपक पाण्डेय को महेवामलकिया के पास गंगा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड, गोपालापुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक टिंकू शुक्ला उसे पहले कई बार मार चुका था, जिससे वह रंजिश रखता था। 02 मई की दोपहर उसने जियावन का पुरवा में लल्लू मिश्रा के घर टिंकू पर चाकू से हमला किया और फरार हो गया। बाद में मौत की सूचना मिलने पर वह कपड़े बदलकर भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने दबोच लिया।
मामले में मु0अ0सं0 110/26 धारा 103(1) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी राधेबाबू, उपनिरीक्षक नीरज सिंह कुशवाहा, उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल रामवीर सिंह, विशाल यादव, प्रेमवीर सिंह सहित महेशगंज पुलिस टीम सक्रिय रही। एसओजी टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार चौरसिया, अमित सिन्हा और अजीत कुमार भी शामिल रहे।


