ताज़ा खबरसंसार

अमेरिकी सैन्य कार्रवाई से वेनेजुएला में भूचाल, राष्ट्रपति मादुरो दंपती हिरासत में

The live ink desk. अमेरिका की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई के बाद वेनेजुएला (Venezuelan) में हालात अत्यंत तनावपूर्ण हो गए हैं। राजधानी काराकस में शनिवार तड़के हुई हवाई कार्रवाई के दौरान जोरदार धमाकों से पूरा शहर दहल उठा। इसके कुछ ही समय बाद अमेरिकी सुरक्षा बल राष्ट्रपति भवन में दाखिल हुए और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (President Maduro) और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अपने नियंत्रण में लेकर देश से बाहर ले गए।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस ऑपरेशन के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे सफल कार्रवाई बताया। उनका कहना है कि मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका लाया गया है, जहां फिलहाल उन्हें न्यूयॉर्क स्थित एक सैन्य अड्डे पर रखा गया है। कानून प्रवर्तन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दोनों स्टीवर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस में हैं, जहां सिलिया फ्लोरेस का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।

सूत्रों का कहना है कि काराकस में चलाए गए बड़े सैन्य अभियान के दौरान मादुरो दंपती को राष्ट्रपति आवास से बाहर निकाला गया। आगे की प्रक्रिया के तहत उन्हें हेलीकॉप्टर से न्यूयॉर्क शहर ले जाने और बाद में संघीय हिरासत केंद्र में स्थानांतरित किए जाने की तैयारी है। रिपोर्टों के अनुसार, आने वाले सप्ताह में मैनहट्टन की एक फेडरल अदालत में उनके खिलाफ मादक पदार्थों और हथियारों से जुड़े मामलों में आरोप तय किए जा सकते हैं।

इस बीच वेनेजुएला (Venezuelan) का विपक्षी खेमा अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने में सक्रिय है। विपक्ष का दावा है कि लैटिन अमेरिका के कई देशों के साथ-साथ यूरोप के कुछ राष्ट्रों ने वेनेजुएला में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बहाली के पक्ष में समर्थन व्यक्त किया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि पिछले राष्ट्रपति चुनावों के नतीजों को लेकर गंभीर विवाद बना हुआ है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का एक बड़ा हिस्सा आधिकारिक परिणामों को स्वीकार नहीं करता।

अमेरिकी प्रशासन की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि फिलहाल वेनेजुएला (Venezuelan) की स्थिति पर अमेरिका की कड़ी नजर रहेगी और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। वहीं, अमेरिकी न्याय विभाग ने मादुरो के खिलाफ पूर्व में दाखिल किए गए आरोप पत्रों का हवाला देते हुए कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाने की बात कही है।

दूसरी ओर, वेनेजुएला सरकार के शीर्ष नेताओं ने अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप की तीखी आलोचना की है। उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने मादुरो की गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया। उन्होंने राष्ट्रपति (President Maduro) और उनकी पत्नी की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि वेनेजुएला अमेरिकी दखल का कड़ा विरोध करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button