अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

कोरांवः फरारी काट रहे तीन अभियुक्तों के घर कुर्की की तैयारी, नोटिस चस्पा

कोरांव पुलिस ने मुनादी के बाद मकानों पर चस्पा की नोटिस, निर्धारित समय सीमा के भीतर हाजिर ने होने पर होगी कुर्की

प्रयागराज (राहुल सिंह). कोरांव थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में फरार चल रहे तीन अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुनादी कर नोटिस चस्पा किया गया है। कोर्ट में निर्धारित समय पर हाजिर न होने की स्थिति में उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार राकेश तिवारी, शिवम तिवारी और सुमित तिवारी के खिलाफ 05 मार्च 2026 को आशुतोष तिवारी पुत्र लल्लन तिवारी, निवासी दर्शनी कटरा (कोरांव) की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 69/26 दर्ज किया गया था। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 109, 131, 117, 115(2), 352 और 351(2) के तहत दर्ज है।

मामले में आरोपियों के लगातार फरार रहने पर न्यायालय ने 16 मार्च 2026 को गैर-जमानती वारंट जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद वे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर आगे की कड़ी कार्रवाई शुरू की गई।

न्यायालय के आदेशानुसार अब धारा 84 BNSS के तहत संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में 06 मई 2026 को अभियुक्तों के घरों पर विधिक प्रक्रिया के तहत मुनादी कर नोटिस चस्पा किया गया, ताकि उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने के लिए अंतिम अवसर दिया जा सके।

यह कार्यवाही बडोखर चौकी प्रभारी प्रहलाद कुमार पाल और उपनिरीक्षक अरविंद कुमार द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पहले भी कई प्रयास किए गए हैं और आगे भी लगातार दबिश दी जा रही है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button