उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं व्यापारियों की समस्याएः जिलाधिकारी

जिला उद्योग बन्धु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न

भदोही (संजय सिंह).  जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के पदाधिकारियों, व्यापारियों, उद्यमियों और निवेशकों के साथ व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सुविधाओं और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारियों, उद्यमियों और निवेशकों से संबंधित सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध ढंग से निर्धारित अवधि में किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने और लंबित मामलों का प्राथमिकता पर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जनपद में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हो सकें और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिले।

खाद्य, विद्युत, प्रदूषण, व्यापार कर सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता विद्युत को विशेष रूप से विद्युत संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।

बैठक में जिला पंचायत द्वारा बुनकरों को धारा 133 के अंतर्गत लाइसेंस नोटिस, लोक निर्माण विभाग द्वारा चील्ह-गोपीगंज मार्ग (खमरिया मार्ग) के सुदृढ़ीकरण, भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना को लेकर चर्चा हुई, साथ ही नई आवास विकास नीति को बीडा क्षेत्र में लागू करने की स्थिति पर जानकारी मांगी गई।

समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के विकास खंडों में लंबित मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को कमजोर प्रगति वाले बैंकों की दैनिक मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक प्रकरण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए लैंड बैंक डेटा उपलब्ध कराने, प्लेज पार्क विकसित करने, ‘सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस’ और ‘डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब’ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। इसके अलावा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने पर भी बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने निवेशकों से मास्टर प्लान के अनुरूप ही विकास कार्य करने और बीडा क्षेत्र में निर्माण से पूर्व नक्शा स्वीकृत कराने की अपील की। बैठक में व्यापारियों व उद्यमियों ने भूमि और राजस्व से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग, निर्यातक, विद्युत विभाग के अधिकारी, व्यापारी, उद्यमी, निवेशक तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button