दोहरे हत्याकांड का खुलासाः प्रेम-प्रसंग में हुई थी मां-बेटे की हत्या

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जिले के थाना अंतू क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अवैध संबंधों के विवाद में आरोपी रणबहादुर मौर्या ने अपनी प्रेमिका (42) और उसके 14 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
16 मार्च को दोनों के शव घर में खून से लथपथ मिले थे, जिनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में की गई, जिसमें शुरुआती नामजद आरोपियों को निर्दोष पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी रणबहादुर मौर्या का महिला से तीन वर्षों से संबंध था। घटना की रात महिला को किसी अन्य व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बात करते देख आरोपी ने गुस्से में कुदाल से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना का गवाह बने बेटे को भी आरोपी ने मार डाला।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल बरामद कर ली है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिरोही के नेतृत्व में अंतू पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को ककरहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

