मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या, घर के कमरे में मिले खून से सने शव

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). Pratapgarh जिले में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के भीतर मां और बेटे के खून से लथपथ शव बरामद हुए। घटना Antu थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शिवपत्ती मौर्या (40) और उनके 12 वर्षीय पुत्र अयान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या किसी धारदार हथियार से हमला कर की गई है। कमरे के अंदर खून के निशान और घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है।
थाना प्रभारी Abhishek Sirohi के मुताबिक सोमवार सुबह एक शटरिंग मिस्त्री काम पर जाते समय जब महिला के घर के पास से गुजर रहा था, तभी उसकी नजर खिड़की के भीतर पड़ी। अंदर का दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि मृतका का पति दिनेश मजदूरी के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।



One Comment