अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

राष्ट्र निर्माण का हिस्सा बनें युवाः आनंदीबेन पटेल

रज्जू भैया विश्वविद्यालय में 25 नई सुविधाओं का राज्यपाल ने किया लोकार्पण

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज स्थित प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय में शनिवार को शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 25 नई सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने डिजिटल माध्यम से इन अत्याधुनिक संसाधनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से समृद्ध बनाना है। उन्होंने विशेष रूप से प्रयोगशालाओं और व्यावहारिक शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आधुनिक लैब और स्मार्ट कक्षाओं का प्रभावी उपयोग छात्रों की समझ और कौशल को मजबूत करेगा। साथ ही उन्होंने मूल्यांकन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा मानें। उन्होंने नवाचार, अनुसंधान और रचनात्मक सोच को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आज का भारत अवसरों से भरा हुआ है और युवा वर्ग देश को विकसित राष्ट्र बनाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

तकनीकी प्रगति पर बोलते हुए उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल क्रांति के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख किया, साथ ही यह भी कहा कि तकनीक के साथ नैतिक मूल्यों का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सेमीकंडक्टर और ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और युवाओं को वैश्विक स्तर की दक्षता प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में स्थापित आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, डेटा सेंटर और अन्य अधोसंरचनाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने इन सुविधाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रगति और नई शैक्षणिक पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्थान राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

लोकार्पित सुविधाओं में विभिन्न विज्ञान प्रयोगशालाएं, फार्मेसी लैब, कंप्यूटर सेंटर, स्मार्ट क्लासरूम, सम्मेलन कक्ष, सीसीटीवी प्रणाली और अन्य आधुनिक संसाधन शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. विनीता यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button