Iran पर हमले के विरोध में भाकपा का प्रदर्शन, युद्ध विराम की मांग

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). ईरान पर हुए हमलों के विरोध में सोमवार शाम घूरपुर बाजार में विरोध मार्च निकाला गया। यह प्रदर्शन भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) न्यू डेमोक्रेसी की जिला कमेटी प्रयागराज (इलाहाबाद) के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों को एकतरफा कार्रवाई बताते हुए उसका विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने ईरान में हमले के दौरान मारे गए शीर्ष नेतृत्व, छात्रों और आम नागरिकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही युद्धविराम, शांति स्थापना और क्षेत्रीय स्थिरता की मांग उठाई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की।
नारे में “अमेरिका-इजरायल साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “विश्व शांति का दुश्मन ट्रंप शासन मुर्दाबाद”, “विश्व जनता के दुश्मन ट्रंप से दोस्ती बंद करो”, “विश्व जनता का दुश्मन नेतान्याहू से दोस्ती बंद करो”, “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “ईरान पर हमले बंद करो”, “तेल व्यापार पर साम्राज्यवादी कब्जा मुर्दाबाद”, “फासीवादी ट्रंप शासन मुर्दाबाद” और “ईरान-फिलिस्तीन की आजादी की जंग जिंदाबाद” जैसे नारे शामिल रहे।
प्रदर्शन में कॉमरेड हीरालाल, राजकुमार, सुरेश, विनोद, सुरेश निषाद, रामू, भीमलाल और सुरेश चंद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कूटनीतिक समाधान ही वर्तमान संकट का स्थायी रास्ता है।



