ताज़ा खबरपूर्वांचलभारतराज्य

कटिहार सड़क हादसा: NH-31 पर भीषण Road Accident में 13 की मौत

पटना. बिहार के कटिहार जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह दुर्घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगड़ा चौक के समीप दातपुर मुसहरी के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हरदा से पूर्णिया की ओर जा रही बस और विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वैन के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की चपेट में पास से गुजर रही दो मोटरसाइकिलें भी आ गईं, जिससे नुकसान और बढ़ गया। घटनास्थल पर ही 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान 3 और लोगों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों में अधिकांश स्थानीय ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की विशेष टीम उनका उपचार कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में अधिकांश स्थानीय ग्रामीण हैं और कुछ की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही हो सकी थी।

राष्ट्रपति और पीएम ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने दिए सहायता के निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये प्रति परिवार और घायलों को 50 हजार रुपये देने का निर्देश दिया है। साथ ही अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया है।

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के अनुसार, हादसे में 10 मौतें कटिहार में और 3 मौतें पूर्णिया अस्पताल में हुईं। घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों में राधिका हांसदा, तलवी देवी, पप्पू हांसदा, तलपू सोरेन, ताला हांसदा, बेटिया मरांडी, पप्पू देवी, पिकअप चालक चिंतामणि महतो, सदानंद मुर्मू, तल्लू सोरेन, दुर्गा बासुकी और रंजीता हेंब्रम शामिल हैं, जबकि एक व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button