मोहब्बतपुर पाइंसा में तालाब की भूमि पर कब्जा जमाए बैठे हैं दबंग, नोटिस बेअसर
कौशांबी. एक तरफ प्रदेश सरकार तालाबों को संरक्षित करने का मुहिम चला रही है तो दूसरी तरफ गांव-गिरांव में स्थित तालाबों पर कब्जा करने का सिलसिला अनवरत जारी है। जनपद के सिराथू तहसील में इसी तरह के एक मामले में चार कब्जाधारकों को नोटिस थमाई गई है। नोटिस में कब्जाधारकों को नियत समय में हाजिर होने का आदेश दिया गया है। हाजिर होकर जवाब नहीं देने पर तहसील प्रशासन के द्वारा ध्वस्तीकरण की एक पक्षीय कार्रवाई कर दी जाएगी।
यह मामला सिराथू तहसील के मोहब्बतपुर पाइंसा (बिबिनियापुर) का है। तहसील प्रशासन द्वारा बिबिनियापुर के बच्चीलाल पाल, रामबाबू पाल, निर्मलचंद्र पांडेय और संजय कुमार पाल को नोटिस भेजते हुए कब्जा खाली करने का नोटिस दिया गया था, इसके अलावा बाजारू भाव 6000 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से क्षतिपूर्ति का आकलन किया गया है।
| गुंगवा की बाग में हुई मुठभेड़, एसओजी और चरवा की टीम ने चार लुटेरों को दबोचा |
| फिल्मी स्टाइल में गार्ड की हत्या कर 39 लाख लूटा, चंद सेकेंड में बाक्स लेकर भाग निकले बदमाश |

ग्रामसभा के लोगों द्वारा तालाब पर कब्जे की शिकायत पर जब जांच करवाई गई तो इस मामले की जानकारी तहसील प्रशासन को हुई। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आराजी संख्या 533 ग तालाब के रूपमें दर्ज है। जब इस तालाब पर कब्जे का विरोध किया गया तो कब्जाधारकों ने धमकी देने में भी कोई कसर बाकी नहीं रखी।
बहरहाल, तहसील प्रशासन की नोटिस के बाद भी कब्जाधारकों की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। अब देखना यह है कि योगी सरकार का बुलडोजर यहां पर कब गरजेगा।




