अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

प्रतीक अपहरण कांड का खुलासा: रिश्तेदार ने रची साजिश, चार गिरफ्तार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनानगर के मांडा थाना क्षेत्र के सराय कला में 6 वर्षीय बच्चे के अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एसओजी, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण में प्रयुक्त दो कारें और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में उज्जवल शर्मा उर्फ विवेक शर्मा, राजकुमार पाण्डेय, आशुतोष प्रधान उर्फ हिमांशू और नितीश कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार उज्ज्वल शर्मा पीड़ित बच्चे के पिता का चचेरा भाई है और उसी ने पूरी साजिश रची थी।

घटना सात मार्च की है, जब स्कूल से लौट रहे छह वर्षीय प्रतीक शर्मा को घर के पास से कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया था। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आठ टीमों का गठन किया गया और करीब 28 घंटे के भीतर बच्चे को वाराणसी से सकुशल बरामद कर लिया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपित फिरौती के लिए अपहरण की योजना बना रहे थे और 20 से 30 लाख रुपये वसूलने की तैयारी थी। साजिश के तहत बच्चे को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया गया और वाराणसी ले जाया गया। पुलिस की सक्रियता के कारण दबाव बढ़ने पर आरोपितों ने बच्चे को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया था।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर अमेज और ऑल्टो कार बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल अपहरण में किया गया था। साथ ही चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button