अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

UP College में दिनदहाड़े बीएससी के छात्र की गोली मारकर हत्या

वाराणसी. वाराणसी के भोजुबीर स्थित उदय प्रताप महाविद्यालय ( UP College) परिसर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्र को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। घटना कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में हुई, जहां हमलावर ने छात्र को निशाना बनाकर फायरिंग की और वारदात के बाद पिस्टल मौके पर ही फेंककर फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी निगरानी में इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार इलाज के दौरान गंभीर रूप से जख्मी छात्र की मौत हो गई।

मृतक छात्र की पहचान कपसेठी निवासी 23 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो UP College में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाने की पुलिस के साथ पुलिस कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर की पहचान शिवपुर चांदमारी निवासी छात्र मंजीत चौहान के रूप में की गई है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस घटना से कॉलेज के छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। छात्र संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और UP College परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शिवहरि मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button