इवेंटताज़ा खबरभारत

राज्यसभा: ‘दागी’ सांसदों की बड़ी संख्या, अरबपतियों का भी दबदबा

एडीआर रिपोर्ट में खुलासा—हर तीसरा सांसद आपराधिक मामलों से घिरा, 14% सांसदों की संपत्ति अरबों में

नई दिल्ली. देश की सर्वोच्च विधायी संस्थाओं में शामिल राज्यसभा की संरचना को लेकर एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उच्च सदन में बड़ी संख्या ऐसे सांसदों की है, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं संपत्ति के मामले में भी कई सदस्य अरबपतियों की श्रेणी में आते हैं।

रिपोर्ट 233 में से 229 सांसदों के शपथपत्रों के विश्लेषण पर आधारित है, जिसमें हाल ही में निर्वाचित 37 सदस्य भी शामिल हैं।

हर तीसरा सांसद गंभीर मामलों में ‘दागी’

रिपोर्ट के अनुसार, कुल 229 सांसदों में से 73 (लगभग 32%) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है। इनमें 36 सांसद ऐसे हैं, जिन पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
विश्लेषण में सामने आया है कि एक सांसद पर हत्या का मामला, चार पर हत्या के प्रयास और तीन सांसदों पर महिलाओं से जुड़े अपराधों के आरोप दर्ज हैं।

एडीआर की यह रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि देश की कानून बनाने वाली संस्था में आपराधिक पृष्ठभूमि और भारी संपत्ति वाले प्रतिनिधियों की मजबूत मौजूदगी है। ऐसे में पारदर्शिता, जवाबदेही और राजनीतिक सुधारों को लेकर बहस एक बार फिर तेज होने की संभावना है।

दलवार आंकड़े और भी चौंकाने वाले

  • भाजपा के 99 में से 27 सांसद
  • कांग्रेस के 28 में से 12 सांसद
  • तृणमूल कांग्रेस के 13 में से 4 सांसद
  • आम आदमी पार्टी के 10 में से 4 सांसद
  • सीपीआई (एम) और बीआरएस के तीन-तीन सांसद

संपत्ति में भी बड़ा अंतर, 14% सांसद अरबपति

रिपोर्ट यह भी बताती है कि राज्यसभा के 31 सांसद (करीब 14%) ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति अरबों रुपये में है। औसतन एक सांसद की संपत्ति 120.69 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस लिस्ट में वाईएसआरसीपी, सपा, बीजेडी और डीएमके के सांसद भी करोड़ों की संपत्ति के साथ सूची में शामिल हैं।

पार्टीवार औसत संपत्ति में:

  • भाजपा: 28.29 करोड़ रुपये
  • कांग्रेस: 128.61 करोड़ रुपये
  • टीएमसी: 17.70 करोड़ रुपये
  • आप: 574.09 करोड़ रुपये

सबसे अमीर और सबसे कम संपत्ति वाले सांसद

रिपोर्ट के मुताबिक सर्वाधिक आय वाले सदस्य:

  • बीआरएस के बंदी पार्था सारथी ने 5,300 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति घोषित कर शीर्ष स्थान हासिल किया है।
  • उनके बाद आप के राजिंदर गुप्ता (5,053 करोड़ रुपये) और वाईएसआरसीपी के अल्ला अयोध्या रामि रेड्डी (2,577 करोड़ रुपये) का नाम है।

वहीं, सबसे कम संपत्ति वाले सांसदों में:

  • आप के संत बलबीर सिंह (करीब 3 लाख रुपये)
  • मणिपुर के महाराजा सनाजाओबा लिसेम्बा (करीब 5 लाख रुपये)
  • टीएमसी के प्रकाश चिक बड़ाइक (लगभग 9 लाख रुपये) शामिल हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button