मिर्जापुर में दोहरे हत्याकांड से सनसनीःसौतेली मां और भाई की हत्या

मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद से मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में एक युवक ने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी ही सौतेली मां और सौतेले भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस नृशंस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल गुप्ता पुत्र स्वर्गीय प्रेमचंद्र गुप्ता ने अचानक अपनी सौतेली मां उषा गुप्ता (55) और सौतेले भाई आयुष गुप्ता (30) पर हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आयुष की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सौतेली मां उषा गुप्ता के शव को पास की नहर में फेंक दिया है। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने नहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे घटना के पीछे के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद से पटेहरा गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि घरेलू विवाद किस तरह इस भयावह हिंसा में तब्दील हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) मनीष मिश्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

