अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

Ayodhya: जेल की बाउंड्री वॉल फांदकर दो बंदी भागे, अधीक्षक और जेलर सस्पेंड

फरार बंदियों में अमेठी का सूरज अग्रहरी और सुल्तानपुर का शेर अली शामिल

The live ink desk. अयोध्या जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब गुरुवार को दो बंदी तन्हाई बैरक तोड़कर जेल की बाउंड्री वॉल फांदते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और बंदियों की तलाश के लिए पुलिस व प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।

घटना के बाद डीजी जेल पीसी मीणा ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी समेत एक हेड जेल वॉर्डन और तीन वार्डन को सस्पेंड कर दिया है।

फरारी की सूचना पर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर स्वयं जिला जेल पहुंचे और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फरार बंदियों में गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी (निवासी अमेठी) और शेर अली (निवासी सुल्तानपुर) शामिल हैं। दोनों को तन्हाई बैरक में रखा गया था, जहां से वे दीवार तोड़कर बाहर निकले और फिर जेल की बाहरी दीवार पार कर फरार हो गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार बंदियों में एक हत्या के प्रयास और दूसरा दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में न्यायिक हिरासत में था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर आसपास के जिलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस घटना में यदि जेल प्रशासन की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश की जेलों से कैदियों के फरार होने की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ दिन पूर्व कन्नौज जिला जेल से भी बंदियों के भागने का मामला उजागर हुआ था, जिसके बाद सुरक्षा इंतजामों और जवाबदेही को लेकर सख्त कदम उठाए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button