अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

UPSTF:50 हजार का इनामिया तस्कर गिरफ्तार, चार राज्यों में करता था तस्करी

दो दशक से सक्रिय था गोवंश तस्करी का सरगना

चंदौली. उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। चार राज्यों में गौवंश तस्करी के मामलों में वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त खलील को एसटीएफ ने चंदौली जनपद के सैयदराजा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे खलील की तलाश में एसटीएफ लगातार दबिश दे रही थी।

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, सैयदराजा थाने में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान खलील के बिहार की ओर भागने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर मुख्य आरक्षी प्रभाकर पाण्डेय और गौरव सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।

अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ लाल प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त खलील मूल रूप से रामपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। उसके खिलाफ केवल उत्तर प्रदेश में ही गौवंश तस्करी के 14 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। अमरोहा, गाजियाबाद, रामपुर, कुशीनगर, चंदौली, हरदोई और उन्नाव जैसे कई जिलों में वह कानून के शिकंजे में रहा है। अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि खलील वर्ष 2005 से संगठित तरीके से गौवंश तस्करी में लिप्त था। वह तस्करी के जरिए पशुओं को पश्चिम बंगाल और असम तक भेजकर बेचता था। कार्रवाई से बचने के लिए वह दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे महानगरों में लगातार ठिकाने बदलता रहा।

एसटीएफ को आशंका है कि खलील के पीछे एक बड़ा और संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य संलिप्त अभियुक्तों की पहचान के लिए पूछताछ और गहन जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button