अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

मार्निंग वाक पर निकले युवक का सड़क किनारे मिला शव

बीमारी या हत्याः पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलेगा मौत का राज

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). यमुनापार के घूरपुर थाना क्षेत्र के बलापुर गांव स्थित मछली बाजार में रविवार तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सुबह-सुबह शव देखे जाने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

सुबह की सैर पर निकले थे सुरेशचंद्र

जानकारी के अनुसार बलापुर गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेशचंद्र भारतीय पुत्र स्वर्गीय नंदलाल भारतीय रोज की तरह रविवार भोर करीब चार बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। करीब दो घंटे बाद, सुबह लगभग छह बजे मछली बाजार में सफाई के लिए पहुंचे एक सफाईकर्मी ने सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र को दी। कुछ ही देर में प्रधान प्रतिनिधि, मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

एसीपी ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने पर करमा चौकी होते हुए घूरपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी दिनेश सिंह और एसीपी अब्दुल सलाम खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया गया कि सुरेश चंद चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। पहले वह राजगीर मिस्त्री का काम करते थे, लेकिन स्वास्थ्य खराब रहने के कारण कुछ समय से बलापुर मछली बाजार में गुटखा-पान की दुकान चला रहे थे। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि सुरेशचंद्र दमा रोग से पीड़ित थे और संभव है कि तबीयत बिगड़ने पर उन्हें खून की उल्टी हुई हो, जिससे चलते-चलते गिरने के बाद उनकी मौत हो गई हो। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button