अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

इरादतगंज बाजार में पुलिस ने गाड़ियों से उतरवाई काली फिल्म

घूरपुर थाना क्षेत्र में दो घंटे चला सख्त चेकिंग अभियान

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). यमुनापार के घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज बाजार में रविवार सुबह पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती दिखाई। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने पुलिस बल के साथ अचानक चेकिंग शुरू की, जिससे बाजार और आसपास के इलाकों में वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया।

गाड़ियों से उतरवाई गई काली फिल्म

अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन कर रही कारों की जांच की। इस दौरान पांच कारों के शीशों पर अवैध रूप से लगी काली फिल्म मौके पर ही उतरवाई गई। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिहाज से काली फिल्म पूरी तरह प्रतिबंधित है और आगे से उल्लंघन करने पर चालान व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दोपहिया चालकों में दिखी घबराहट

पुलिस चेकिंग को देखते ही कई दोपहिया वाहन चालक सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर पुलिस टीम के वहां से जाने का इंतजार करते नजर आए। कुछ चालकों ने हेलमेट, कागजात और अन्य जरूरी नियम पूरे न होने के डर से आगे बढ़ने से परहेज किया। इससे बाजार में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

खनन माफिया में मची खलबली

वाहन चेकिंग की सूचना फैलते ही अवैध खनिज परिवहन से जुड़े वाहनों के चालकों में भी खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान ऐसे कई वाहनों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया या अपने वाहन रोक लिए, ताकि पुलिस की कार्रवाई से बचा जा सके।

लगातार दो घंटे चला अभियान

करीब दो घंटे तक चले इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और अन्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून का पालन कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। आगे भी इस तरह की सख्त चेकिंग जारी रहेगी, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button