योग और व्यायाम को बनाएं डेली रूटीन का हिस्साः अताउल मुस्तफा अंसारी

भदोही (संजय सिंह). पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को जन–आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से भदोही साइकिलिंग क्लब ने रविवार को गोपीगंज क्षेत्र में भव्य साइकिल जागरूकता यात्रा का आयोजन किया। इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों की भागीदारी देखने को मिली। यात्रा का नेतृत्व क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी ने किया, जिन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्हें सामाजिक बदलाव का वाहक बनने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ा चौराहा, गोपीगंज से साइकिल यात्रा की शुरुआत हुई। अताउल मुस्तफा अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर अभियान को रवाना किया और कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में कुछ समय समाज और देश के लिए समर्पित करे तथा रोज़ाना योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाए, तो न केवल व्यक्ति स्वस्थ रहेगा बल्कि राष्ट्र भी सशक्त बनेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
क्लब के सचिव प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि भदोही साइकिलिंग क्लब का लक्ष्य जिले के हर गांव और हर घर तक पर्यावरण और स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना है। साइकिल यात्रा शहीद तिराहा, कांजी हाउस, जौहरपुर, दीवानपुर, ननवगपुर, जखांव, नवलपुर, टिकापुर, मेवड़ापुर समेत विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने “वृक्ष लगाओ–पर्यावरण बचाओ”, “स्वस्थ रहे, मस्त रहे”, “करो योग, रहो निरोग”, “सुबह की हवा सौ रोगों की दवा” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
जागरूकता यात्रा का समापन सायरा गर्ल्स इंटर कॉलेज, फूलबाग के सामने हुआ। पूरे मार्ग में नागरिकों ने अभियान का स्वागत किया और युवाओं के इस प्रयास की सराहना की। साइकिल यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिसने इस संदेश को और मजबूत किया कि स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में युवा वर्ग निर्णायक भूमिका निभा सकता है।


