2027 की जीत का रोडमैप तय, PDA को चुनावी धुरी बनाएगी सपा

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने लोकसभा, राज्यसभा सांसदों के साथ की बैठक, चुनाव पर मंथन
लखनऊ (विजय मिश्र). समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को औपचारिक रूप से गति देते हुए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति को केंद्र में रखने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में सांसदों के साथ अहम बैठक कर चुनावी दिशा और कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन किया।
बैठक में 37 लोकसभा और चार राज्यसभा सांसदों ने हिस्सा लिया। अखिलेश यादव ने सांसदों से उनके संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों की स्थिति, संभावित प्रत्याशियों और संगठनात्मक मजबूती को लेकर रिपोर्ट तलब की। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में हुए बदलावों की समीक्षा कर चुनाव आयोग के आंकड़ों के आधार पर रणनीति तैयार की गई।
बैठक के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर संदेश देते हुए कहा कि “सैंतीस जिताएंगे सत्ताइस, मिलकर पीडीए सरकार बनाएंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का फोकस सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने पर रहेगा।
अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि बैठक में पीडीए वर्गों को संगठित करने और उनकी समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाने पर जोर दिया गया। वहीं सांसद आनंद भदौरिया ने दावा किया कि सपा 2027 में पीडीए के समर्थन से प्रदेश में मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाएगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद डिंपल यादव, रामजी लाल सुमन, नरेश उत्तम पटेल, रूची वीरा सहित पार्टी के सभी सांसद मौजूद रहे।

