कमरे में मिले परिवार के पांच लोगों के शव, सभी को मारी गई गोली

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव उनके आवास के भीतर पाए गए। सभी मृतकों के सिर पर गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों में 40 वर्षीय अमीन अशोक, उनकी पत्नी अंजिता (37), मां विद्यावती (70) तथा दो नाबालिग बेटे—कार्तिक (16) और देव (13) शामिल हैं। अमीन और उनकी पत्नी के शव कमरे के फर्श पर पड़े थे, जबकि वृद्ध मां और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर मिले। कमरे से तीन अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अमीन अशोक नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे और उन्हें यह नौकरी अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर मिली थी। उनका छोटा बेटा देव स्थानीय एमटीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था, जबकि बड़ा बेटा कार्तिक नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा दस में पढ़ाई कर रहा था। पड़ोसियों ने परिवार को शांत और मिलनसार बताया है तथा किसी तरह के विवाद की जानकारी से इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस ने मकान को सील कर दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हत्या और आत्महत्या में उलझी जांच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस आत्महत्या और पारिवारिक हत्या के एंगल पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि अमीन ने पहले परिवार के अन्य सदस्यों को गोली मारी और फिर स्वयं को गोली मार ली। हालांकि, पुलिस इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रही है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुजेट, मोबाइल
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि आर्थिक दबाव, कर्ज, नौकरी से जुड़ा तनाव, घरेलू कलह या मानसिक अवसाद जैसे संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना को भी खारिज नहीं किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतकों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।


