अवधइवेंटउत्तर प्रदेश समाचारकुम्भ 2024ताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

वसंत पंचमी स्नानः श्रद्धा से सराबोर संगम तट, भोर से ही उमड़ पड़े श्रद्धालु

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). विश्व विख्यात प्रयागराज माघ मेले में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। चौथे प्रमुख स्नान पर्व पर शुक्रवार तड़के शुभ मुहूर्त के साथ ही संगम तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर गंगे और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा।

शास्त्रों में वर्णित शुभ मुहूर्त के अनुसार भोर 2 बजकर 28 मिनट से श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी। संगम सहित सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालु स्नान, पूजन और दान-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। चार बजे तक तीन करोड़, चालीस लाख लोग डुबकी लगा चुके थे। स्नान के लिए सभी दो दर्जन घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। संगम क्षेत्र और घाटों पर जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं से घाटों को शीघ्र खाली करने की लगातार अपील की जा रही है, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे। संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।

वसंत पंचमी स्नान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेंद्र कुमार, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, माघ मेला अधिकारी ऋषिराज तथा माघ मेला पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार पांडेय सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर डटे हुए हैं और व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button