अवधउत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन का संदेश देते हुए निकली साइकिल यात्रा

भदोही (संजय सिंह). गोपीगंज में रविवार को पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता को नई दिशा देते हुए भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से एक भव्य साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। इस जागरूकता अभियान ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ जीवनशैली तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने का कार्य किया। यात्रा का नेतृत्व क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी ने किया, जिनके मार्गदर्शन में युवाओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने एकजुट होकर सकारात्मक संदेश दिया।

साइकिल यात्रा का शुभारंभ गोपीगंज स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के बड़े चौराहे से हुआ, जहां वरिष्ठ चिकित्सक एस.एस. यादव ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इसके बाद यात्रा सदर मोहाल, छोटी चौराहा, अंजही मोहाल और केड़वरिया से होती हुई खत्रीपुर पहुंची। यहां समाजसेवी अशोक सिंह के आवास पर सभी साइकिल चालकों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी अशोक सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित योग-व्यायाम अपनाना चाहिए और दैनिक कार्यों में साइकिल का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने “स्वस्थ रहें, मस्त रहें” का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली पर बल दिया और साइकिल यात्रा को आगे के लिए पुनः हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके बाद साइकिल यात्रा रामपुर कायस्थान होते हुए अमिलौर पहुंची, जहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलाबचंद ‘मुन्नू’ तिवारी के आवास पर प्रतिभागियों का जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज दीर्घायु इसलिए थे क्योंकि वे ब्रह्म मुहूर्त में उठकर योग और श्रम को जीवन का हिस्सा बनाते थे। आधुनिक जीवनशैली में देर रात तक जागना और सुबह देर से उठना अनेक बीमारियों की जड़ बन चुका है। उन्होंने सभी से समय पर सोने, समय पर उठने और नियमित योग-व्यायाम करने की अपील की।

प्रधान प्रतिनिधि द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद साइकिल यात्रा गुदरीपुर, अमिलौर, बनका और रामपुर घाट के आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करती हुई आगे बढ़ी। इस दौरान प्रतिभागियों ने “वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “करो योग, रहो निरोग”, “स्वस्थ रहे, मस्त रहे”, “सुबह की हवा सौ रोगों की दवा”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।

अंततः यह प्रेरणादायक साइकिल यात्रा रामपुर घाट पर संपन्न हुई। अभियान में प्रवीण श्रीवास्तव, अतुल शुक्ला, बनारसी बिंद, पंकज सिंह, प्रमोद मौर्य, सरफराज अहमद, जयप्रकाश दुबे, महमूद आलम, राजीव जायसवाल, अबरार हाशमी, कमलेश कश्यप, राजू बाजीगर, श्याम सुंदर बिंद, फैज शेख, कार्तिक सुनील, अजहान खान, जिगर गुप्ता, नकीउद्दीन शेख, आशीष बिंद, फैजान शेख, हिमांशु चौधरी, ज़िक्रा खान, रितिक कनौजिया, अबू हुरैरा, उज्जवल गुप्ता, महेंद्र यादव, आनंद बिंद, अश्वनी चौधरी, आदर्श बिंद, विपिन चौधरी, हिमांशु बिंद, अभी कनौजिया, संजय चौधरी, फैज आलम सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button