बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे बाबा साहेब अंबेडकरः प्रदीप यादव

सपा के जिला कार्यालय पर मनाई गई जयंती, सपाइयों ने किया नमन
भदोही (संजय सिंह). जनपद में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक स्तर पर मनाई गई। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय कंसापुर, ज्ञानपुर सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। कार्यक्रमों में बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर एक बहुआयामी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने संविधान निर्माण के माध्यम से देश में समानता, अधिकार और न्याय की मजबूत नींव रखी। उन्होंने दलितों, श्रमिकों, किसानों और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए सामाजिक भेदभाव के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा किया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में संविधान और आरक्षण व्यवस्था की रक्षा के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है, क्योंकि यही व्यवस्था समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने “संविधान की रक्षा” और “सामाजिक न्याय” के मुद्दों को लेकर एकजुट रहने का आह्वान किया। आयोजन में जिला और ब्लॉक स्तर के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहेब के विचारों को व्यवहार में उतारने और संगठनात्मक स्तर पर जनजागरण अभियान को तेज करने पर बल दिया।
