रिश्तों की आड़ में ठगी का खेल बेनकाबः ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरफ्तार

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मामा ने अपनी ही भांजी को आगे कर शादी के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग का संगठित खेल चला रखा था। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह शातिर जोड़ी कानून के शिकंजे में आ गई।
आसपुर देवसरा पुलिस ने आरोपी रामकिशोर और उसकी भांजी लक्ष्मी गौतम को गिरफ्तार कर उनके फर्जी विवाह और ब्लैकमेलिंग के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि दोनों मिलकर युवकों को शादी का झांसा देते, रस्मों के नाम पर निजी वीडियो बनवाते और बाद में उसी के जरिए मोटी रकम की वसूली करते थे। रकम न देने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपित लक्ष्मी गौतम पहले से दो बच्चों की मां है, बावजूद इसके लालच में आकर वह इस अपराध में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। मामा-भांजी की यह जोड़ी पहले भी ठगी के मामलों में संलिप्त पाई गई है।
सूत्रों ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना बदलापुर, जनपद जौनपुर में शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने का मुकदमा दर्ज है। वहां से बचने के लिए वे हाल ही में थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के सैफाबाद में किराये पर रहकर नए शिकार तलाश रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की भनक लगी और कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में विधिक प्रक्रिया के तहत उन्हें बदलापुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ठगी, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी और कठोर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवाह या किसी भी सामाजिक संबंध से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस खुलासे ने एक ओर जहां समाज को सतर्क किया है, वहीं पुलिस की सख्ती से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है।
