गैंगस्टर Act में बड़ी कार्रवाई: कुख्यात मस्सन की 1.25 करोड़ की संपत्ति जब्त

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अभियुक्त मस्सन की छह अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है। जब्त की गई इन संपत्तियों में कृषि भूमि और आवासीय भूखंड शामिल हैं, जिनका कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये बताया गया है।
यह कार्रवाई प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार मस्सन पुत्र लतीफ, निवासी ग्राम आममऊ ककरहा, थाना अन्तू, अवैध गतिविधियों के माध्यम से अर्जित संपत्तियों का उपयोग आपराधिक तंत्र को मजबूत करने में कर रहा था।
प्रशासन ने यह कदम उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत उठाया। संबंधित आदेश जिला मजिस्ट्रेट, प्रतापगढ़ द्वारा जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में संपत्तियों को कुर्क किया गया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना कोतवाली नगर में पंजीकृत एक प्रकरण में वह गिरोह का सरगना भी बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


