अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

मातम में बदलीं शादी की खुशियां: मामूली विवाद में युवक की हत्या

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज जिले के यमुनापार क्षेत्र में बीती रात वैवाहिक समारोह उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा में तब्दील हो गया। नैनी थाना क्षेत्र के मड़ौका गांव में गुरुवार देर रात हुए इस घटनाक्रम में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मड़ौका गांव निवासी 42 वर्षीय राजेश कुमार निषाद एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान लघुशंका को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कई लोगों ने राजेश पर लाठी-डंडों और हाथ-पैर से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।

मृतक के भाई शेखर निषाद की तहरीर पर पुलिस ने मड़ौका गांव के ही सुनील कुमार कनौजिया, फूलचंद, अंकित कनौजिया, चंटन कनौजिया, बबलू, जितेंद्र, रतन, नीरज, मिथुन, राहुल, राजेश और बांटी सहित कुल 12 लोगों को नामजद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह का तनाव या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button