अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

घुसरनाथ धामः जलाभिषेक को उमड़ी भीड़, ASP और CO ने किया स्थलीय मुआयना

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर सई तीरे स्थित घुइसरनाथ धाम (घुश्मेश्वर धाम) में भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक चला। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने की नीयत से अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय ने क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्र के साथ घुसरनाथ धाम मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रवेश एवं निकास मार्गों, दर्शन पंक्ति की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, ड्यूटी प्वाइंट, भीड़ नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो।

इस अवसर पर संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विशेष रूप से महिला सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को निरंतर भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button