अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

इविवि में छात्रों पर हमले के विरोध में नागरिक समाज का प्रदर्शन, CP को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक शैक्षणिक परिचर्चा के दौरान छात्रों पर हुए कथित हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में नागरिक समाज, इलाहाबाद के प्रतिनिधियों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

नागरिक समाज की ओर से बताया गया कि 3 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर में ‘यूजीसी नियमावली–2026’ विषय पर छात्रों द्वारा एक शांतिपूर्ण, वैचारिक और अकादमिक परिचर्चा आयोजित की गई थी। चर्चा लगभग 45 मिनट तक सौहार्दपूर्ण माहौल में चलती रही, तभी कथित रूप से कुछ असामाजिक तत्व समूह बनाकर वहां पहुंचे और परिचर्चा में शामिल छात्रों को घेर लिया।

आरोप है कि इसी दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से बिना नंबर की एक गाड़ी परिसर में दाखिल हुई, जिस पर एक संगठन का नाम अंकित था। इसके बाद परिचर्चा में शामिल छात्रों के साथ गाली-गलौच, मारपीट और जातिसूचक टिप्पणियां की गईं। महिला छात्रों के साथ अभद्रता, जबरन छूने, बाल खींचने और लात-घूंसे मारने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। घटना से कई छात्रों को शारीरिक चोटें आईं और मानसिक आघात पहुंचा।

नागरिक समाज का कहना है कि यह हमला सुनियोजित था और इससे विश्वविद्यालय परिसर में भय का वातावरण बन गया। उन्होंने इसे शैक्षणिक संस्थानों में लोकतांत्रिक और वैचारिक संवाद के लिए उपलब्ध स्थानों के लगातार सिमटने का उदाहरण बताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुली बहस को दबाने की कोशिश चिंताजनक है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि पीड़िता द्वारा साक्ष्यों के साथ कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस द्वारा यह कहे जाने पर आपत्ति जताई गई कि विश्वविद्यालय परिसर का मामला होने के कारण कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से लिखित आदेश आवश्यक है।

नागरिक समाज ने पुलिस आयुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान आनंद मालवीय, अविनाश मिश्रा, डॉ. कमल उसरी, अधिवक्ता राजवेंद्र सिंह, सुनील, शशांक, अंजलि, जयशंकर मौर्य, अनिल यादव, राम अवधपाल, भानु, प्रमोद गुप्ता, अमन, आर्यन, प्रशांत सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह जानकारी नागरिक समाज, इलाहाबाद के सह-संयोजक मनीष कुमार द्वारा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button