UP पुलिस भर्ती बोर्डः फर्जी सूचनाओं से रहें सचेत, आधिकारिक स्रोत ही भरोसेमंद

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने भर्ती परीक्षाओं से संबंधित भ्रामक सूचनाओं और फर्जी पत्रों के प्रसार को लेकर अभ्यर्थियों को सतर्क किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा, चयन प्रक्रिया अथवा किसी भी प्रकार के निर्देशों से जुड़ी सभी सार्वजनिक सूचनाएं केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही जारी की जाती हैं।
बोर्ड द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड अपनी समस्त परीक्षाओं से संबंधित विज्ञप्तियां, दिशा-निर्देश एवं अद्यतन जानकारी केवल अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.uppbpb.gov.in तथा अधिकृत एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल @upprpb के माध्यम से ही सार्वजनिक करता है। इसके अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम, पत्र, सोशल मीडिया पोस्ट या संदेश के जरिए प्रसारित की जा रही सूचनाएं भ्रामक अथवा फर्जी हो सकती हैं।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अनाधिकृत स्रोत से प्राप्त पत्र, संदेश या सूचना पर भरोसा न करें और न ही ऐसी किसी सामग्री के प्रचार-प्रसार में सम्मिलित हों। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर भ्रामक या फर्जी सूचनाओं के प्रसार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सभी आवेदकों और अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की प्रामाणिक एवं विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत एक्स हैंडल का ही नियमित रूप से अवलोकन करें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी महत्वपूर्ण घोषणाएं समय-समय पर इन्हीं आधिकारिक माध्यमों पर उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।


