नौ लाख हड़पने की नीयत से थमाया जाली बैंक ड्राफ्ट, चार पर मुकदमा

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). घूरपुर पुलिस ने कूटरचित (फर्जी) बैंक ड्राफ्ट देकर धोखाधड़ी करने के आरोप में तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इरादतगंज निवासी शिव नारायण यादव ने थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि मेजा थाना क्षेत्र के शम्भूचक गांव निवासी गिरीश कुमार सिंह, नैनी क्षेत्र के ददरी तालुक निवासी चन्द्रभान सिंह उर्फ डॉक्टर तथा घूरपुर के अमिलिया गांव निवासी शिलवंत यादव ने उन्हें नौ लाख रुपये का बैंक ड्राफ्ट दिया था।
जब उन्होंने उक्त ड्राफ्ट को अपने बैंक खाते में जमा कराया तो बैंक कर्मचारियों ने यह कहते हुए उसे लौटा दिया कि संबंधित खाते को बंद कर दिया गया है।
पीड़ित के अनुसार, बाद में जब वह संबंधित बैंक शाखा पहुंचा तो बैंक प्रबंधक ने जांच के बाद बताया कि प्रस्तुत किया गया बैंक ड्राफ्ट फर्जी है और इसे कंप्यूटर से तैयार कर असली ड्राफ्ट की तरह बनाया गया है।
शिव नारायण यादव का यह भी कहना है कि इससे पहले आरोपितों ने उन्हें आठ लाख रुपये का चेक दिया था, जो भुगतान के लिए प्रस्तुत करने पर अनादृत हो गया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में शिव नारायण बनाम गीता सिंह (पत्नी गिरीश कुमार सिंह) के नाम वाद दाखिल किया, जिस पर अदालत ने आरोपित पक्ष को समन जारी किया।
शिकायत के मुताबिक, समन जारी होने के बाद आरोपित पक्ष ने समझौते के लिए शिव नारायण को एक ढाबे पर बुलाया और पहले दिया गया आठ लाख रुपये का चेक वापस लेकर उसकी जगह नौ लाख रुपये का कथित बैंक ड्राफ्ट दे दिया। बाद में जांच में यह ड्राफ्ट फर्जी पाया गया।
पुलिस ने गिरीश कुमार सिंह, चन्द्रभान सिंह उर्फ डॉक्टर, शिलवंत यादव तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

