Uttar Pradesh: सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा आठ, नौ और दस जून को

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को कराई जाएगी।
तीन दिन चलने वाली यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रदेश पुलिस में कुल 32,679 रिक्त पदों को भरा जाएगा। परीक्षा केंद्रों, प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर समय से जारी की जाएगी।
इस भर्ती को लेकर सरकार के एक फैसले ने हजारों युवाओं को बड़ी राहत दी है। सिपाही भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष की छूट दी गई है। यह शिथिलीकरण उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती हेतु आयु सीमा शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के तहत प्रदान किया गया है, जिसे 5 जनवरी को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया।
इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों के लिए भी रास्ता खुल गया है, जो अब तक आयु सीमा के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो रहे थे। योगी सरकार का यह कदम युवाओं के बीच व्यापक रूप से सराहा जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 60,244 पदों पर भर्ती कराई गई थी, जो प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती मानी गई। इस प्रक्रिया में 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए थे, जिससे महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।



One Comment