लालगंज में बच्चों को उतार रही स्कूल बस में टैंकर ने मारी टक्कर, तीन घायल

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूली बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क से फिसलकर करीब दस फीट नीचे नाले में जा गिरी।
यह हादसा लालगंज कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुआ, जब सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की बस छुट्टी के बाद छात्रों को घर छोड़ने जा रही थी। एक छात्र को उतारने के लिए बस जैसे ही रुकी, पीछे से आ रहे तेल टैंकर ने नियंत्रण खोते हुए सीधी टक्कर मार दी। बस में उस समय करीब 30 छात्र सवार थे।
घायलों को ले जाया गया हास्पिटल
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस के जरिए घायल छात्रों को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घायलों में अंबिका वर्मा (14), हरिओम सिंह (17), अभिमन्यु तिवारी, आयुष प्रताप सिंह और अन्नू जायसवाल शामिल हैं।
टैंकर छोड़ भाग निकला चालक
हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश तेज कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ भरा होता तो हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
