अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

धारदार हथियार से युवक की हत्या, घात लगाकर किया गया हमला


अमेठी में सनसनी, छह नामजद, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय

अमेठी. जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिंडारा ठाकुर गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घर से बाहर निकले युवक पर पहले से छिपे हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 23 वर्षीय रत्नेश मिश्र, पुत्र संतोष मिश्र, के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रत्नेश रात के समय शौच के लिए घर से निकला था। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। खून से लथपथ रत्नेश मौके पर ही गिर पड़ा। शोरगुल सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया।

छह ग्रामीण नामजद, तलाश तेज

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

युवक की हत्या से परिजनों में मातम पसरा है, वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button