रायबरेली में मिट्टी खनन के दौरान हादसा, दो मजदूरों की मौत
रायबरेली. जिले के नसीराबाद क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक दुर्घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। निजी भूमि पर मिट्टी निकालने के दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढह गया, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर दब गए। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना नसीराबाद थाना क्षेत्र के ईदगाह के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुहल्ला पुरानी कोठी निवासी ब्रजेश कुमार कोरी, इरफान, ब्रजलाल और रोहित एक व्यक्ति की निजी जमीन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरने का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि पर बीते करीब एक महीने से जेसीबी मशीन के जरिए गहराई तक खुदाई की जा रही थी, जिससे वहां बड़ा और असुरक्षित गड्ढा बन गया था।
बुधवार को चारों मजदूर उसी गड्ढे के भीतर फावड़े से मिट्टी निकाल रहे थे, तभी ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। कुछ ही पलों में चारों मजदूर मिट्टी में दब गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पास में काम कर रहे अन्य श्रमिक दौड़े और काफी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर सभी को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 22 वर्षीय ब्रजेश कुमार कोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत नाजुक होने पर ब्रजलाल और इरफान को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 60 वर्षीय ब्रजलाल ने भी दम तोड़ दिया। इरफान की हालत अभी गंभीर बनी हुई है, जबकि रोहित का उपचार नसीराबाद सीएचसी में जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नसीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा अवैध या लापरवाह खनन कार्यों की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करता है, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी मजदूरों की जान पर भारी पड़ रही है।


One Comment