अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

22 फरवरी को प्रयागराज में होगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर

तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक तैयार किया गया खाका

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद प्रयागराज में 22 फरवरी 2026 को आयोजित किए जाने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज श्री सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने की।

जनपद न्यायालय के सभागार में प्रातः 10 बजे प्रारंभ हुई इस बैठक में जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारीगण के साथ-साथ जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला अग्रणी प्रबंधक, समाज कल्याण अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी सम्मिलित हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए माननीय जनपद न्यायाधीश ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे सभी विभाग, जिनकी योजनाएं दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति जैसे वर्गों से संबंधित हैं, उन्हें चिन्हित कर 22 फरवरी को प्रस्तावित मेगा शिविर से जोड़ा जाए।

उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, बीमा योजनाओं, असंगठित श्रमिकों से संबंधित कार्यक्रमों तथा जल संरक्षण जैसी योजनाओं को विधिक साक्षरता अभियान का हिस्सा बनाकर उनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज श्री शशि कुमार ने सभी विभागों के बीच समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि परा विधिक स्वयंसेवकों की सहायता से तहसील एवं ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाए। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी सुविधाओं से लाभान्वित किया जाना प्राथमिक लक्ष्य है।

मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए 22 फरवरी 2026 को रामदुलारी बच्चूलाल जायसवाल पीजी कॉलेज, नवाबगंज, सोरांव में आयोजित होने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि यह मेगा शिविर जनसामान्य को विधिक सहायता, परामर्श एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज द्वारा साझा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button