अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरभारतराज्य

राजा भैया की पत्नी के आवास पर हमला, बेटी ने जताई अनहोनी की आशंका

बेटी राघवी कुमारी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया घटना से संबंधित वीडियो

नई दिल्ली/प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर हुए हमले का मामला सामने आया है। इस घटना का दावा उनकी बड़ी बेटी राघवी कुमारी ने किया है। राघवी कुमारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने एकाउंट से एक वीडियो के साथ बयान साझा कर किया है।

राघवी कुमारी का आरोप: खतरे में परिवार

राघवी कुमारी ने कहा है कि दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित उनके आवास पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें, उनकी मां भानवी सिंह और उनकी बहन को गंभीर खतरा है। राघवी ने दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

लंबे समय से धमकी और भय का माहौल

सोशल मीडिया पोस्ट में राघवी ने बताया कि वे और उनका परिवार पिछले कई महीनों ही नहीं, बल्कि कई वर्षों से असुरक्षा की स्थिति में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार ने हमेशा कानून का सहारा लिया, पुलिस से मदद मांगी और शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन ठोस कार्रवाई के बजाय केवल आश्वासन ही मिले। हाल ही में सफदरजंग थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया गया था।

सुनवाई से एक रात पहले हमला, लगाई आग

राघवी ने हमले को और भी गंभीर बताते हुए कहा कि यह घटना उस समय हुई, जब उनकी मां भानवी सिंह की एमपी-एमएलए कोर्ट (राउज एवेन्यू) में सुनवाई से ठीक एक रात पहले थी। आरोप है कि हमलावरों ने घर के मुख्य गेट और परिसर में खड़ी स्विफ्ट कार को आग के हवाले कर दिया।

सीसीटीवी में संदिग्ध की गतिविधियां कैद

घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति को संदिग्ध हथियारनुमा वस्तु के साथ घर के गेट के पास देखा गया है। फुटेज में वह दीवार फांदते हुए परिसर में प्रवेश करता है और इसके बाद गेट व वाहन में आग लगाता हुआ नजर आता है। यह दृश्य घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं।

पुलिस से त्वरित कार्रवाई और न्याय की मांग

राघवी कुमारी ने दिल्ली पुलिस से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button