जलेसरगंज से ट्रांसफार्मर चुराने वाला गिरोह धराया, तीन घटनाओं का खुलासा

चुराया गया सामान और एक चार पहिया बरामद
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जनपद में विद्युत उपकरण चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लालगंज थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर तेल, तांबे की वायरिंग और एबीसी केबल चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान, वारदात में प्रयुक्त औजार और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते महीनों में लालगंज (जलेसरगंज, धारूपुर), कोतवाली देहात और रानीगंज थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त कर तेल और कॉइल चोरी की गई थी, जबकि एक अन्य मामले में करीब 660 मीटर एबीसी केबल काट ली गई थी।
विवेचना के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने जगन्नाथपुर के पास से अभियुक्त अखिलेश को दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से योजनाएं बनाता था, वारदात के समय मोबाइल बंद रखे जाते थे और पहचान छिपाने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट बदली जाती थी।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना सुनील गौड़ है, जिसकी तलाश की जा रही है और अन्य संलिप्त अभियुक्तों की पहचान भी की जा चुकी है। बरामद सामान में ट्रांसफार्मर तेल, तांबे के विद्युत उपकरण, तार काटने के औजार, नायलॉन की रस्सी और फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।


