अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

लुटेरों ने की वृद्धा की हत्या, गायब मिले शरीर के आभूषण

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक 85 वर्षीय वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर में रखे तथा पहने हुए आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना हथिगवां थाना क्षेत्र के भोला का पुरवा (बरना) गांव की है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका फुलझरिया देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। रविवार देर रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसे और लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने वृद्धा का गला दबाकर हत्या कर दी और उनके चांदी के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर का सामान बिखरा मिला और मृतका के शरीर से आभूषण गायब पाए गए, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका मजबूत हुई है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि संदिग्धों की तलाश में इलाके में सघन चेकिंग और दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button