सात फेरे लेने से पहले युवती का अपहरण, बंट चुके थे शादी के कार्ड

भदोही (संजय सिंह). उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक दलित युवती के कथित अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शादी से ठीक पहले उसे अगवा करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के अनुसार, युवती के पिता की तहरीर पर सुरियांवा थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव निवासी तेजू बिन्द, उसके पिता शेषधर, मां मेवाती बिन्द, शिवम बिन्द, साहब लाल और रामनाथ बिन्द को नामजद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 (अपहरण), 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी), 352 (जानबूझकर अपमान) और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्रा को मामले की विवेचना सौंपी गई है। साथ ही युवती की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घर से बाहर गए थे परिजन
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 15 अप्रैल को उस समय युवती का अपहरण कर लिया गया, जब घर के सदस्य बाहर गए हुए थे। इससे पहले भी 6-7 अप्रैल की दरमियानी रात को आरोपियों ने इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया था। उस समय परिजन काफी तलाश के बाद युवती को प्रयागराज में एक कमरे से बरामद कर घर ले आए थे।
आज घर में आनी थी बारात
परिवार का कहना है कि युवती की शादी 20 अप्रैल को तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। शादी नजदीक होने के कारण पहली घटना के बाद सामाजिक दबाव और जल्दबाजी में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। हालांकि, दूसरी बार अपहरण की घटना सामने आने के बाद परिजनों ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना।




One Comment