माघ मेला प्रशासन ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को थमाई नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला क्षेत्र में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोमवार देर रात मेला प्रशासन की ओर से एक कर्मचारी नोटिस लेकर स्वामी के शिविर में पहुंचा, जिससे संत समाज और उनके अनुयायियों में असंतोष देखा गया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज के मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र योगी सरकार ने बताया कि प्रयागराज मेला प्राधिकरण का एक कर्मचारी सोमवार रात लगभग बारह बजे शिविर में आया और वहां किसी जिम्मेदार पदाधिकारी से मिलने की बात करने लगा। पूछताछ किए जाने पर कर्मचारी ने अपना परिचय दिया और बताया कि वह एक न्यायालयीय आदेश के अनुपालन में नोटिस देने आया है।
मीडिया प्रभारी के अनुसार, आधी रात को शिविर में इस तरह नोटिस पहुंचाया जाना अनुचित और असामान्य है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज मंगलवार को मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि माघ मेला में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज को लेकर पहले से ही प्रशासन और संत समाज के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में देर रात की गई यह प्रशासनिक कार्रवाई विवाद को और गहरा करने वाली मानी जा रही है।



