मिनी भारत लॉजिस्टिक के नाम पर ठगे 75,000, साइबर सेल ने करवाया वापस

भदोही (संजय सिंह). पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन में जनपदीय साइबर सेल ने साइबर ठगी के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में पूरी 75,000 रुपये की धनराशि वापस कराई। यह कार्रवाई मिनी भारत लॉजिस्टिक की एजेंसी दिलाने के नाम पर की गई धोखाधड़ी से संबंधित थी।
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता आदर्श तिवारी (निवासी केवलपुर, पोस्ट बेरी, थाना गोपीगंज) से साइबर ठगों ने एजेंसी दिलाने के नाम पर 75,000 रुपये ठग लिए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांजेक्शन को ट्रेस किया और संबंधित बैंक खाते की पहचान की। इसके बाद खाताधारक से समन्वय स्थापित कर पूरी 75,000 रुपये की राशि होल्ड कराते हुए पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए टीम को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत यह सफलता प्राप्त हुई। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम विजय प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी देवानंद सिंह एवं कांस्टेबल सदानंद की प्रमुख भूमिका रही।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त करते हुए भदोही पुलिस की सराहना की।
साइबर अपराध से बचाव के प्रमुख उपाय
- किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
- अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें।
- बैंक अधिकारी बनकर कॉल/मैसेज करने वाले अज्ञात व्यक्तियों पर विश्वास न करें।
- संदिग्ध लिंक या एप पर क्लिक करने से बचें।
- बैंकिंग कार्य केवल आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या शाखा के माध्यम से ही करें।
- मोबाइल/ईमेल पर प्राप्त ट्रांजेक्शन अलर्ट नियमित रूप से जांचते रहें।
- साइबर अपराध की शिकायत www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है।
