गेस्ट हाउस में पूर्व प्रधान को घेरकर पीटा, घूरपुर थाने का घेराव

घूरपुर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). घूरपुर थाना क्षेत्र में पूर्व ग्राम प्रधान तेजबली यादव पर हुए जानलेवा हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से क्षुब्ध परिजनों ने सैकड़ों अधिवक्ताओं के साथ घूरपुर थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी पर गंभीर लापरवाही और पक्षपात का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हमले की सूचना और तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े और परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
फिलहाल, मुकामी पुलिस ने बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 351(2) और 304(2) के तहत शुभम सिंह, प्रभाकांत यादव, सुशील यादव व उमाकांत यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पीड़ित परिजनों के मुताबिक, पूर्व प्रधान बीती रात गौहनिया स्थित एक गेस्ट हाउस से लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। घटना के बाद वे सीधे थाने पहुंचे और कानूनी कार्रवाई की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न होने से आक्रोश भड़क उठा।
हालात बिगड़ते देख पीड़ित पक्ष ने एसीपी से हस्तक्षेप की मांग की और चेतावनी दी कि न्याय न मिलने पर वे कठोर कदम उठाने को विवश होंगे। सूचना पर पहुंचे एसीपी अब्दुल सलाम खान ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
बताया जा रहा है कि हमलावर घटना के दौरान हथियारों से लैस थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जबकि पीड़ित पक्ष आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग पर अड़ा है।

