उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

युवा पीढ़ी की सक्रियता से मजबूत होगा लोकतंत्रः शैलेष कुमार

मतदाता सूची में युवा और महिला सहभागिता बढ़ाने को प्रशासन सक्रिय, डीईओ ने विभागों के साथ की व्यापक समीक्षा

भदोही (संजय सिंह). विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के तहत मतदाता सूची को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने सोमवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें विकास, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और नगर विकास विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं, किशोरियों और नवविवाहिता महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, इसलिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ इस अभियान को गति दें।

डीईओ ने इस बात पर चिंता जताई कि बड़ी संख्या में पात्र युवा अभी भी मतदाता सूची से बाहर हैं। इसे ध्यान में रखते हुए माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेजों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए। मतदाता साक्षरता क्लबों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को उनके मतदान अधिकारों की जानकारी दी जाए, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शैक्षणिक संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों के आवेदन भरवाएं। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in, ECINET मोबाइल ऐप तथा बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से ऑफलाइन फॉर्म-6 भरवाकर नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर जागरूकता बढ़ाएं और पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने में सक्रिय सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button