बेलन नहर में समाई बारातियों की कार,दो युवकों के शव बरामद

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनापार के कोरांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नैनी से विवाह समारोह में शामिल होने जा रही बारात की दो कारें बेलन नहर में जा गिरीं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस दौरान सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवक लापता हो गए थे। उनकी तलाश के बाद सोमवार को दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि दुर्घटना में मृतकों की पहचान बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार पुत्र सुशील तथा बलिया निवासी अनीस के रूप में हुई है। दोनों शवों को नहर से निकालकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बारात नैनी से कोरांव थाना क्षेत्र के अयोध्या गांव के पास जा रही थी। बढ़वानी गांव के समीप सड़क पर तीखा मोड़ होने के कारण दोनों कारें अचानक संतुलन खो बैठीं और सीधे बेलन नहर में गिर गईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद सात यात्रियों की जान बचाई जा सकी, लेकिन दो युवकों को नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



