निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार का कहर, बेकाबू कार ने चार को रौंदा

रायबरेली में हुएइस हादसे में चार युवतियों की मौत, तीन गंभीर घायल
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). समीपवर्ती जनपद रायबरेली में रविवाद की देर शाम भीषण हादसे ने चार की जिंदगी छीन ली। यह हादसा जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ। नियंत्रण खो चुकी तेज रफ्तार एक कार ने पैदल घर लौट रही सात युवतियों-किशोरियों को रौंद दिया। हादसे में चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, जगतपुर थाना क्षेत्र के कोडर गांव निवासी शालिनी (20) पुत्री जंगबहादुर, उसकी बहन साधना (15), भदोखर थाना क्षेत्र के अलीगंज की हिमांशी (22) पुत्री दल बहादुर, रश्मि (15) पुत्री रामरतन, आसमां (18) समेत सात युवतियां चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थीं। प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी पैदल ही निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे से होकर अपने घर लौट रही थीं।
इसी दौरान अचानक आई एक बेकाबू कार ने एक के बाद एक सभी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवतियां गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शालिनी, हिमांशी, आसमां और रश्मि को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना कार की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण हुई है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।




